Sagar- बेकाबू स्कूल वैन ने बाइक को उड़ाया, दो दोस्तों के साथ अनहोनी
सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह को एक सड़क हादसा हो गया। सरखड़ी-बांसा रोड पर स्थित ताजपुर तिराहे पर एक तेज रफ्तार स्कूल वैन ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। घटना के बाद वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
बांसा निवासी 42 वर्षीय गुड्डू यादव और सिंगारचौरी निवासी उनका 27 वर्षीय दोस्त रामबाबू उर्मी किसी निजी काम से बाइक पर सागर जा रहे थे। ताजपुर तिराहे के पास सरखड़ी कॉन्वेंट स्कूल की वैन ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही जैसीनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तुरंत भाग्योदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
मृतक गुड्डू यादव के भाई विजय यादव ने बताया कि वैन सरखड़ी से बच्चों को लेने के लिए बांसा आ रही थी। वैन में करीब तीन बच्चे भी सवार थे, लेकिन जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो वहां न ड्राइवर मिला और न ही बच्चे। विजय के मुताबिक, उनका बड़ा भाई गुड्डू बाइक चला रहा था और दोस्त रामबाबू पीछे बैठा था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।