अवैध रेत खनन पर बड़ा एक्शन, केन नदी में छापा, जेसीबी और 4 डंपर जब्त
अवैध रेत खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केन नदी के जिगनी घाट क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई। खनिज विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके से एक जेसीबी मशीन और चार ओवरलोडेड डंपर जब्त किए हैं। साथ ही नदी के भीतर बनाए गए कथित अवैध अस्थायी रास्तों और संरचनाओं को भी हटाने की कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार एमपी के सागर संभाग के पन्ना जिले के खनिज विभाग की टीम ने अजयगढ़ क्षेत्र के जिगनी घाट पर जांच अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र तक पहुंचना आसान नहीं था और टीम को उत्तर प्रदेश सीमा के रास्ते पहुंचना पड़ा। कार्रवाई के दौरान नदी के भीतर लगाए गए एक भारी लिफ्टर सिस्टम को भी बाहर निकाला गया, जिसका उपयोग कथित रूप से रेत निकालने के लिए किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर मशीनरी को हटाने और कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की।
उप संचालक खनिज प्रशासन डॉ. रवि पटेल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक जेसीबी मशीन जब्त कर चंदौरा चौकी में रखवाई गई है। इसके अलावा चार ओवरलोडेड डंपरों को भी जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में विस्तृत जांच की जा रही है और प्रारंभिक आकलन के अनुसार करोड़ों रुपये के जुर्माने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
चंदौरा चौकी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि जब्त वाहन और मशीनरी को नियमानुसार सुरक्षित रखा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो कार्रवाई जरूरी है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि आगे की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।