सागर- 3 साल से फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार,दमन-दीव से सागर पुलिस का बड़ा एक्शन | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले की राहतगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के प्रयास और जीवन लीला समाप्त करने के लिए दुष्प्रेरण जैसे गंभीर मामलों में पिछले लगभग तीन वर्षों से फरार चल रहे तीन हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने दमन-दीव से गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में इसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन और एसडीओपी राहतगढ़ के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नारायण उर्फ बब्लू कुर्मी निवासी ग्राम गिरवर, थाना सानौधा, जिला सागर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना सानौधा में हत्या के प्रयास से संबंधित मामला दर्ज था। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था। इसके अलावा राहतगढ़ थाना क्षेत्र में जीवन लीला समाप्त करने के लिए दुष्प्रेरण का मामला भी दर्ज किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर अपनी पत्नी को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप थे, जिसके बाद महिला की मौत के मामले में उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार तकनीकी और भौतिक स्तर पर निगरानी कर रही थी। जांच के दौरान वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन दमन-दीव में मिलने के बाद एक विशेष टीम तत्काल रवाना की गई।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राहतगढ़ सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।