Sagar- शनिचरी पुलिस चौकी से सामने पड़ा था युवक, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका | SAGAR TV NEWS |
सागर शहर में बुधवार सुबह शनीचरी पुलिस चौकी के सामने का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। यहां एक युवक की डेड बॉडी पड़ी थी सूचना मिलने पर मोके पर भीड़ जमा हो गई, मृतक की पहचान कृष्णगंज वार्ड निवासी राजू अठ्या के रूप में हुई है, जो पेशे से हलवाई था। लेकिन अब सवाल सिर्फ एक नहीं, कई हैं... आखिर राजू की मौत कैसे हुई? क्या यह हादसा है, नशे की वजह से हुई मौत है या फिर इसके पीछे छिपी है किसी साजिश की कहानी?
परिजनों का आरोप है कि दो दिन पहले राजू का कुछ लोगों से विवाद हुआ था और उसके साथ मारपीट भी हुई थी। शव पर मिले चोट के निशानों ने हत्या की आशंका को और गहरा कर दिया है। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस की कहानी कुछ अलग तस्वीर पेश कर रही है। पुलिस के मुताबिक राजू शराब पीने का आदी था। मंगलवार देर रात उसने डायल-112 पर फोन कर अपनी मां को गोली मारने की सूचना दी थी। जांच में यह सूचना झूठी निकली। पुलिस का कहना है कि युवक नशे की हालत में था और उसने खुद को भी चोट पहुंचाई थी।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी कायम है... अस्पताल से निकलने के बाद राजू शनीचरी चौकी तक कैसे पहुंचा? चौकी के सामने उसकी मौत किन हालात में हुई? और शरीर पर मिले ये निशान आखिर किसके हैं? इन सवालों के जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से सामने आएंगे।