Sagar-खुरई में मां की बहादुरी, करंट से चिपके ढाई साल के बेटे को बचाने खुद झेला बिजली का झटका
सागर जिले के खुरई से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। यहां एक मां ने अपने ढाई साल के बेटे को बचाने के लिए अपनी जान तक दांव पर लगा दी। खुरई के जेल रोड स्थित आवास कॉलोनी में खेलते-खेलते एक मासूम बच्चा करंट की चपेट में आ गया, लेकिन मां ने बिना अपनी परवाह किए मौत के मुंह से बेटे को खींचकर बाहर निकाल लिया।
बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब ढाई साल का श्रेयांश अहिरवार घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह पड़ोसी के घर के बाहर लगे करंट प्रवाहित पाइप के संपर्क में आ गया और उससे चिपक गया। अचानक बच्चे की चीख सुनकर घर में मौजूद उसकी मां ज्योति अहिरवार दौड़कर मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचते ही मां ने देखा कि उसका बेटा करंट की चपेट में है। उस पल उसने अपनी जान की परवाह नहीं की और तुरंत बेटे को छुड़ाने की कोशिश शुरू कर दी। पहली कोशिश में मां को भी तेज करंट का झटका लगा, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। दूसरी बार उसने पूरी ताकत लगाकर बेटे को पाइप से अलग कर दिया।
हालांकि बेटे को बचाने के दौरान मां खुद भी बिजली की चपेट में आ गई। घटना में बच्चे के हाथ जलने की भी जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल मां और बेटे को खुरई के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। घायल बच्चे के पिता कप्तान अहिरवार ने बताया कि अगर उसकी पत्नी हिम्मत नहीं दिखाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में दोनों की हालत पर नजर रखी जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मां अपने बच्चे के लिए किसी भी खतरे का सामना कर सकती है। ममता की यह मिसाल पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।