प्रेमिका ने बनाया शादी का दबाव, युवक ने प्रेमिका की हत्या, दूल्हा बनते ही खुला तीन महीने पुराना राज
एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा और चिंता बढ़ा दी है। नगरा थाना क्षेत्र में तीन महीने पहले लापता हुई एक नाबालिग किशोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस जांच के दौरान गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसने पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। आरोपी की निशानदेही पर राजस्थान के दौसा क्षेत्र से मानव अवशेष बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के अनुसार मामला एमपी के मुरैना जिले से नगरा थाना क्षेत्र के औरैठी गांव का है। 28 मार्च 2026 को एक नाबालिग किशोरी अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने नगरा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए गांव के ही बृजेश राठौर पर संदेह व्यक्त किया था। शुरुआती जांच में पुलिस को तत्काल ठोस साक्ष्य नहीं मिले, लेकिन जांच लगातार जारी रखी गई।
पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और अन्य तथ्यों के आधार पर संदेह के बाद युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह किशोरी को अपने साथ राजस्थान के दौसा ले गया था। बाद में किशोरी की मौत होने की बात सामने आई और पुलिस को घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पुलिस टीम आरोपी की निशानदेही पर राजस्थान पहुंची, जहां से मानव अवशेष बरामद किए गए हैं। अब इन अवशेषों की पहचान और अन्य तथ्यों की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। इस पूरे मामले का एक और पहलू चर्चा में है कि आरोपी ने इस बीच दूसरी युवती से विवाह कर लिया था। विवाह के अगले दिन पुलिस ने दोबारा पूछताछ कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए विस्तृत चार्जशीट तैयार करने में जुटे हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आगे की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।