Sagar- बिना नंबर की स्कूटी से लाई जा रही अवैध शराब पकड़ी, खुरई पुलिस का एक्शन, युवक गिरफ्तार
सागर जिले के खुरई में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। बिना नंबर की स्कूटी पर बोरी में भरकर शराब की खेप लाई जा रही थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी ज्यादा दूर नहीं जा सका। घेराबंदी कर पुलिस ने युवक को पकड़ लिया और उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई। जानकारी के अनुसार खुरई शहरी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विदिशा जिले के दानखेड़ी क्षेत्र की ओर से एक युवक स्कूटी के जरिए अवैध शराब लेकर खुरई आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और हरदुआ पुलिया के पास घेराबंदी कर दी गई।
कुछ देर बाद पुलिस को एक संदिग्ध स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर स्कूटी चालक घबरा गया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम ध्रुव कुशवाहा निवासी कबीर वार्ड, तलैया मंदिर के पास खुरई बताया है। पुलिस ने जब स्कूटी की तलाशी ली तो उसमें रखी दो बोरियों से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
तलाशी के दौरान दोनों बोरियों से 150-150 पाव यानी कुल 300 पाव अवैध शराब मिली। जब्त शराब की मात्रा करीब 54 लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 21 हजार रुपए है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह शराब कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।