बुजुर्ग महिला ने एग्रीमेंट के नाम पर धोखाधड़ी का लगाया आरोप,जमीन विवाद का मामला
जमीन से जुड़ा एक नया मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। खाचरोद तहसील के खेड़ावदा गांव की एक बुजुर्ग महिला ने कुछ लोगों पर एग्रीमेंट के नाम पर कथित धोखाधड़ी कर जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर महिला थाने पहुंची और कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन सौंपा है।
जानकारी के अनुसार एमपी के उज्जैन जिले के खेड़ावदा गांव निवासी बुजुर्ग महिला रामी बाई का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने जमीन संबंधी एग्रीमेंट के नाम पर उनसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए और बाद में कथित रूप से जमीन की रजिस्ट्री करा ली। महिला का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले को लेकर सवाल उठाए तो उन्हें डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद महिला के समर्थन में भीम आर्मी से जुड़े लोग और गांव के कई नागरिक खाचरोद थाने पहुंचे। उन्होंने महिला के साथ हुई कथित धोखाधड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। भीम आर्मी से जुड़े लोगों का कहना है कि महिला काफी परेशान और मानसिक रूप से परेशान दिखाई दे रही थी। उन्होंने बताया कि महिला ने निराशा में गंभीर बातें भी कही थीं, जिसके बाद उन्हें समझाकर थाने लाया गया। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे जिला प्रशासन के सामने अपनी मांग रखेंगे।
वहीं खाचरोद थाना प्रभारी धन सिंह नलवाया ने बताया कि पुलिस को आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तथ्यों की जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी की नजरें अब जांच के नतीजों पर टिकी हुई हैं।