तेज रफ्तार बस हा दसे में एक की मौ त, कई पहुंचे अस्पताल, श्रमिकों से भरी थी बस
देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां काम खत्म कर घर लौट रहे श्रमिकों की बस हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे रेत के ढेर पर चढ़ गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार घटना एमपी के सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में जयसवाल ढाबा के पास देर रात हुई। बताया जा रहा है कि हिंडालको महान एल्युमिनियम प्लांट में कार्य करने वाले श्रमिक रोजाना की तरह काम खत्म कर बस से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे रेत के बड़े ढेर पर चढ़ गई। हादसे के दौरान देवसर निवासी एक व्यक्ति बस की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बस में सवार एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को बस से बाहर निकालकर तत्काल बैढ़न जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे की हर पहलू से जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।