MP | 7 घंटे से महाजाम, एंबुलेंस भी फंसी! सीहोर-भैरुंदा हाईवे पर लोगों का फूटा गुस्सा |SAGAR TV NEWS
सीहोर-भैरुंदा स्टेट हाईवे पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां पिछले कई घंटों से हाईवे पर महाजाम लगा हुआ है। सड़क के बीचों-बीच एक विशाल आम का पेड़ गिरने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालात ऐसे हो गए कि हजारों लोग सड़क पर फंस गए और एक एंबुलेंस तक जाम में अटक गई। इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार एमपी के सीहोर जिले के नादान के पास समापुरा इलाके में एक विशालकाय आम का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे सीहोर-भैरुंदा स्टेट हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया और वाहन रेंगने तक की स्थिति में नहीं रहे।
जाम में फंसे लोगों का कहना है कि कई घंटे बीत जाने के बावजूद मौके पर प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। सबसे गंभीर बात यह रही कि इस जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिसमें मौजूद मरीज को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत बताई जा रही थी। भीषण उमस और गर्मी के बीच महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घंटों तक सड़क पर परेशान होते रहे। लोगों ने आरोप लगाया कि संकट की इस स्थिति में प्रशासन पूरी तरह नदारद दिखाई दिया।
स्थानीय लोगों का गुस्सा हाईवे प्रबंधन और टोल एजेंसियों पर भी फूटा। लोगों का कहना था कि टोल पर भारी शुल्क वसूला जाता है, लेकिन जब जनता को मदद की जरूरत पड़ी तो न कोई कर्मचारी दिखाई दिया और न ही पेड़ हटाने के लिए कोई मशीन या क्रेन मौके पर पहुंची। अब जनता सवाल पूछ रही है कि आखिर कई घंटे बीत जाने के बाद भी सड़क को साफ क्यों नहीं कराया गया? यदि जाम में फंसे किसी मरीज की जान को खतरा होता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? फिलहाल यह महाजाम सिर्फ यातायात समस्या नहीं, बल्कि प्रशासनिक तैयारी और जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।