डॉक्टर पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप, कथित लव जिहाद और ब्लैकमेलिंग का मामला ! | SAGAR TV NEWS |
क्लीनिक संचालन करने वाले एक डॉक्टर के खिलाफ महिला ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की है। जहां पुलिस ने त्वरित कार्यवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। ये पूरा मामला कथित लव जिहाद और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा बताया जा रहा है। एमपी के उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने केजीएन क्लीनिक संचालित करने वाले डॉक्टर हारून के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं कुछ कथित चैट्स के स्क्रीन शॉट्स भी सामने आया हैं हालांकि इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकी है। पुलिस की माने तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ता महिला का आरोप है की केजीएन क्लिनिक संचालित करने वाले डॉक्टर हारून ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर खुद को भाजपा नेता अभिषेक सिंह परिहार बताया और माथे पर टीका लगाकर उससे दोस्ती की। साथ ही विश्वास में लेने के बाद उसने गन्दा काम किया। बाद में जब उसे आरोपी की वास्तविक पहचान की जानकारी मिली और उसने इसका विरोध किया। तब उसने कथित रूप से उसका आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करते हुए उससे करीब आठ लाख रुपये वसूल लिए।
बताया गया की जब पीड़िता से दोबारा पैसों की मांग की गयी तो उसने चंदिया थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की और शुरूआती जांच के बाद आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
सोशल मीडिया पर आरोपी से जुड़ा एक कथित चैट भी वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सके। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।