सागर- नलों से आ रहा गंदा बदबूदार पानी, पीने क्या नहाने के लायक भी नहीं, लेकिन लोगों की मजबूरी !
सागर जिले के बीना में नलों से गंदा पानी आ रहा है। लोगों की मजबूरी ये है की उन्हें गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है की नलों से आने वाला पानी इतना गंदा और बदबूदार है की उसे पीना तो बहुत दूर की बात है इस पानी से नहाना भी दूभर है। जिस वजह से लोगों में संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो हालात बिगड़ भी सकते हैं। ये पूरा मामला बीना के भीम वार्ड समेत अन्य वार्डो का है जहां सरकारी नलों से दूषित पानी आने से वार्डवासी गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। आरोप है की नलों से लाल ग्रीस जैसा पदार्थ पानी से सप्लाई हो रहा था।
भीम वार्ड के लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से सरकारी नलों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। ऐसा पानी पीने से लोगों की तबियत खराब हो रही है। जो पानी नलों से आ रहा है वह कपड़े धोने लायक भी नहीं है। हाल ही में फिल्टर प्लांट की साफ सफाई की गई थी। इससे ऐसा लग रहा है कि फिल्टर प्लांट की साफ सफाई केवल कागजों में हो गई है। पाठक वार्ड में भी नलों से ग्रीस निकल रहा था। जो पानी आ रहा है वह पीने लायक बिल्कुल नहीं है। अगर ऐसा पानी आया तो इंदौर जैसी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। गौरतलब है की 25 जून को फिल्टर प्लांट की सफाई हुई थी। बावजूद इसके 6 दिन बाद भी नलों से दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। वार्डवासियों ने इंदौर जैसी जलजनित बीमारी की घटना दोहराने की आशंका जताई है। गंदे पानी से त्वचा संक्रमण, पेट की बीमारियां और अन्य रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है।