Sagar- जरुवाखेड़ा में गैस सिलेंडर धमा का! चंद सेकंड में आग का गोला बना घर, बड़ा हादसा टला
सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र के जरुवाखेड़ा गांव से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां शुक्रवार शाम एक घर में गैस सिलेंडर फटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में बंधी एक गाय बुरी तरह झुलस गई। मामला जरुवाखेड़ा के झंडापुर मोहल्ले का है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 6 बजे कुंदन अहिरवार के कच्चे मकान में अचानक गैस सिलेंडर से आग लग गई। कुछ ही पलों में घर से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने जैसे ही धुआं देखा, वे मदद के लिए मौके की तरफ दौड़ पड़े।
लेकिन लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि आग लगने से पहले ही घर के सभी सदस्य बाहर निकल चुके थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक जब तक आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, तब तक घर में रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था। हालांकि हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि घर के अंदर बंधी गाय को समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका, जिससे वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल झुलसी गाय का इलाज किया जा रहा है और प्रशासन को भी मामले की सूचना दे दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर रसोई गैस सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को सामने ला दिया है।