Sagar- घर के बाहर खड़ी बाइक पर चोर की नजर, पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा शातिर आरोपी
सागर जिले की शाहगढ़ पुलिस को बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। घर के बाहर खड़ी बाइक चुराकर फरार हुए एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई बाइक भी बरामद कर ली है। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही। जानकारी के मुताबिक 30 जून को फरियादी कब्बी उर्फ हरिशंकर ताम्रकार ने शाहगढ़ थाने में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रोज की तरह उनकी बाइक घर के बाहर लॉक कर खड़ी थी। रात में खाना खाने के बाद वे सो गए, लेकिन अगले दिन सुबह जब बाहर आए तो बाइक गायब थी।
आसपास काफी तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामला दर्ज होने के बाद शाहगढ़ पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक की सूचना मिली। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने अमरमऊ गांव में दबिश दी और 28 वर्षीय नरेंद्र अहिरवार को हिरासत में लिया।
थाने लाकर जब उससे पूछताछ की गई तो आरोपी ने बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई बाइक बरामद कर ली। शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी और चोरी की घटनाओं में शामिल तो नहीं रहा है।