Sagar - 50 km/h की रफ्तार से चलेगी तूफानी हवाएं, आज भारी बारिश की संभावना
सागर में शनिवार की सुबह से ही आसमान में काले घने बादल छाए हुए हैं बीच-बीच में तेज धूप भी निकल रही जो गर्मी से बेचैन कर रही है लेकिन मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है 30 जून को मानसून आने के बाद से ही सागर में रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला जारी है शुक्रवार को भी दिनभर बादलों का डेरा रहा।
दोपहर बाद रिमझिम बारिश शुरू हुई, जो रुक-रुककर शाम तक जारी रही। सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 6.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बादल और वर्षा से मौसम सुहाना हो गया। अधिकतम तापमान 24 घंटे में 1.5 डिग्री गिरकर 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री घटकर 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर आर्द्रता 92 से 95 प्रतिशत के बीच रहने से वातावरण में नमी बनी रही।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान जिले में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की हवा चलने और भारी वर्षा का यलो अलर्ट दिया है। मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा और कई दौर की बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है। अगले 24 घंटे के दौरान पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश तथा कई स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर 24 घंटे के दौरान भारी यानी 64.5 मिमी या इससे अधिक वर्षा हो सकती है।
मौसम विज्ञानी विवेक छलोत्रे के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव क्षेत्र (लो-प्रेशर) अब सागर के मौसम को सबसे अधिक प्रभावित कर रहा है। अगले दो दिनों में इसके और मजबूत होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मध्य प्रदेश पहुंच रही है, जिससे रुक-रुककर कई दौर में बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना बन गई है।
उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली मौसमी ट्रफ भी सक्रिय है। यह ट्रफ सागर के उत्तर से गुजर रही है, जिससे निचले स्तर पर हवाओं का अभिसरण बना हुआ है। इसके कारण वातावरण में नमी बढ़ी हुई है और गरज-चमक वाले बादलों का तेजी से विकास हो रहा है। वहीं ऊपरी वायुमंडल में बने शीयर जोन के प्रभाव से कम समय में तेज बारिश वाले बादल बनने की संभावना भी बनी हुई है।