सागर- जिस बात के लिए टीचर ने मारा था ताना, उसी को बनाया ताक़त और लहराया परचम, सागर की बेटी का कमाल
क्या खूब कहा है किसी ने की अगर इरादे नेक हो, कुछ कर गुजरने का जज़्बा अगर दिल में हो तो फिर क्या कुछ नहीं किया जा सकता। बात सागर की ही एक ऐसी बेटी की जिसे ये ताना दिया गया था की गाने मत गाया करो, हर कोई सिंगर नहीं बन सकता। बस यही बात इस बेटी को इतनी चुभ सी गई की यहीं से दिशा और दशा दोनों बदल गई। और आज गायन के क्षेत्र में सागर की तिथी जैन काफी लोकप्रिय हैं। उनकी उम्र अभी महज 18 साल है। दिलचस्प बात ये है की उन्होंने कोई प्रशिक्षण भी नहीं लिया और खुद अपनी मेहनत और लगन से कई गीतों को अपनी आवाज दी है। जिन्हे सुनकर लोग उनके कायल हो जाते हैं।
तिथी जैन वर्तमान में 12वीं कक्षा की छात्रा हैं जो अपनी सुरीली आवाज़ के कारण लोगों के बीच खास पहचान बना रही हैं। उन्होंने 14 साल की उम्र से गायन की शुरुआत की थी। तिथी के जीवन में एक ऐसा पल आया जहां से उनकी सोच और दिशा पूरी तरह से बदल गई। दरअसल एक दफा उनकी शिक्षिका ने ताना मारते हुए कहा था कि गाने मत गाया करो, हर कोई गायक नहीं बन सकता। बस यही बात उसके दिल में घर कर गई। वह घबराई नहीं इसे कमजोरी भी नहीं बनने दिया। बल्कि दोगुनी मेहनत की और आखिरकार गायन में खुद को साबित करके भी दिखाया।
उसकी मेहनत ऐसी रंग लाई की आज उन्हें कई मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। अपनी प्रतिभा की बदौलत वह कई पुरस्कार भी हासिल कर चुकी हैं। उनकी गायकी में खास तौर पर क्लासिकल संगीत की झलक देखने को मिलती है। जो सुनने वालों को बेहद पसंद आती है। तिथी सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखती हैं। वह सिर्फ संगीत और अभ्यास पर ज्यादा जोर देती हैं। सागर की ये बेटी उन सभी के लिए प्रेरणा है जो मुसीबत से घबरा जाते हैं। या आलोचनाओं से पीछे हट जाते हैं। तिथी ने ये साबित कर दिखाया की सफलता हासिल करने के लिए इरादे मजबूर होने चाहिए। सच्ची लगन और निष्ठा होनी चाहिए। एक न एक न सफलता मिलकर ही रहती है।-