बाढ़ के बीच जिंदगी की जंग! पुलिस, SDRF और हॉक फोर्स ने 16 ग्रामीणों को मौ त के मुंह से निकाला
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एमपी के बालाघाट जिले में हट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुर में खेतों में काम करने गए 16 ग्रामीण अचानक बढ़ते जलस्तर के बीच चारों ओर से पानी में घिर गए। हालात ऐसे बन गए कि उनके लिए बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिले में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते नदी-नाले उफान पर हैं। शुक्रवार को ग्राम भानपुर के 16 ग्रामीण रोज की तरह खेतों में कृषि कार्य करने पहुंचे थे। लेकिन अचानक हुई तेज बारिश ने हालात बदल दिए। खेतों के आसपास जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा और कुछ ही देर में वापसी का रास्ता पूरी तरह पानी में डूब गया। ग्रामीण खेतों के बीच फंस गए और तेज बहाव के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो गया। स्थिति गंभीर होती देख तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हट्टा थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद एसडीआरएफ और हॉक फोर्स गोदरी की टीमों को मौके पर रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच सूझबूझ के साथ अभियान शुरू किया। राहत दल ने एक-एक कर सभी ग्रामीणों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय रहते किए गए इस अभियान से बड़ा हादसा टल गया और सभी ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलमग्न रास्तों को पार करने की कोशिश न करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।