सागर- भाजपा नेता की गिरफ़्तारी, हंगामे के बाद पुलिस का एक्शन, बीएमसी में नर्स मांमले को लेकर
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज यानी बीएमसी में महिला नर्स और स्टाफ के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ के मामले में बड़ा पुलिस एक्शन सामने आया है। मामले में फरार चल रहे भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश अब भी जारी है। इस घटना ने पूरे मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मचा दिया था और डॉक्टरों से लेकर स्वास्थ्य कर्मचारियों तक ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया था। जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला गुरुवार रात का है। बीएमसी में इलाज के लिए लक्ष्मी तिवारी नामक व्यक्ति पहुंचे थे, जिनके साथ भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव भी मौजूद थे। आरोप है कि इलाज के दौरान दोनों ने अस्पताल के महिला स्टाफ और नर्स के साथ अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, महिला कर्मचारियों के साथ छेड़छाड़ जैसी गंभीर हरकत भी की गई।
घटना सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में आक्रोश फैल गया। डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए बीएमसी के सामने चक्काजाम तक किया। मेडिकल स्टाफ का कहना था कि अस्पताल में इलाज करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। मामला बढ़ता देख पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया। गोपालगंज थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। छेड़छाड़ सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस थाने लाकर पूछताछ कर रही है। वहीं दूसरे आरोपी लक्ष्मी तिवारी की तलाश में दबिश दी जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।