पानी के तेज बहाव में बाइक समेत बह गए थे सहायक सचिव, दो दिन चले रेस्क्यू के बाद मिले, लेकिन...
सहायक सचिव बाइक समेत उफनते हुए नाले को पार कर रहे थे, लेकिन तेज बहाव की वजह से वह नाले में ही बह गए थे। जिन्हे ढूंढने टीमों ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जहां करीब दो दिन बाद टीमों को सफलता मिल सकी है। और नदी से उनकी डेड बॉडी को बरामद किया गया। मामला उज्जैन जिले के बड़नगर तहसील के गावड़ी लोधा गांव से सामने आया है।
बताया जा रहा है की उफनते नाले में बहे सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह उम्र 35 की डेड बॉडी आखिरकार बरामद कर ली गई है। लगातार कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम ने चंबल नदी से उनकी बॉडी बरामद की। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक बीते गुरुवार की शाम को तेज बारिश के दौरान सूर्य प्रताप सिंह गांव लौटते समय उफनती पुलिया पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज बहाव में वह अपनी मोटरसाइकिल समेत नाले में बह गए थे। घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड, ग्रामीणों ने रात भर और अगले दिन भी लगातार तलाश अभियान चलाया। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल घटना स्थल से करीब 50 मीटर दूर मिली थी। लेकिन सूर्य प्रताप सिंह का कोई पता नहीं चल पाया था।
शनिवार को सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ाते हुए होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम ने चंबल नदी में मोटर बोट उतारकर तलाश अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद टीम को चंबल नदी में सूर्य प्रताप सिंह की बॉडी मिल सकी। जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।