बिना नंबर बाइक में छिपाकर ले जा रहा था मौ त का सामान! 80 किलो गांजा जब्त | SAGAR TV NEWS |
नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच बजाग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना नंबर की बाइक में करीब 80 किलो गांजा लेकर जा रहा था। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला एमपी के डिंडोरी जिले के बजाग थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ सीमा से एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ लेकर मध्यप्रदेश के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच अभियान शुरू किया।
4 जुलाई की सुबह बजाग पुलिस ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान पुलिस भी उस वक्त हैरान रह गई जब बाइक में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से करीब 80 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गांजे की खेप छत्तीसगढ़ से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका मुख्य सरगना कौन है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बढ़ने नहीं दिया जाएगा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।