नदी का बढ़ता जलस्तर बना खतरा! बुरहानपुर में अलर्ट, घाटों पर तैनात जवान | SAGAR TV NEWS |
लगातार हो रही बारिश अब चिंता का कारण बनती जा रही है। बारिश के चलते ताप्ती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और अब नदी खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच चुकी है। प्रशासन ने हालात को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। एमपी के बुरहानपुर में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। इसी का असर अब ताप्ती नदी पर साफ दिखाई दे रहा है। नदी में लगातार बढ़ रहे पानी के कारण जलस्तर तेजी से ऊपर पहुंच रहा है। जानकारी के अनुसार ताप्ती नदी का खतरे का स्तर 220 मीटर निर्धारित किया गया है, जबकि वर्तमान में नदी का जलस्तर करीब 219 मीटर तक पहुंच चुका है।
हालात को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। नदी के विभिन्न घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर की निगरानी कर रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। वहीं प्रशासन की ओर से लोगों को लगातार चेतावनी भी दी जा रही है कि वे नदी के किनारे जाने से बचें और उफनती नदी के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं। खासतौर पर बच्चों और युवाओं को नदी के पानी से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।
बरसात के मौसम में नदी-नालों के तेज बहाव को हल्के में लेना कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें। फिलहाल ताप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं।