Sagar- दिशा करियर फेयर में छात्रों को मिली नई उड़ान, यूनिवर्सिटियों ने बताए भविष्य के रास्ते
सागर में विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से दिशा करियर फेयर का आयोजन किया गया, जहां छात्रों को शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार से जुड़े नए अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित दिशा अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर की विभिन्न यूनिवर्सिटियों और विभागों ने भाग लेकर विद्यार्थियों को करियर के नए विकल्पों से परिचित कराया।
आज के दौर में छात्रों के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि आखिर किस क्षेत्र में आगे बढ़ा जाए और कौन सा करियर उनके लिए बेहतर साबित होगा। इसी सोच के साथ आयोजित किए गए दिशा करियर फेयर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंचे। यहां विभिन्न यूनिवर्सिटियों ने अपने स्टॉल लगाकर छात्रों को नए कोर्स, स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने अलग-अलग संस्थानों के विशेषज्ञों से बातचीत कर अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर विकल्पों को समझने का प्रयास किया। छात्रों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कई विद्यार्थियों ने अपने भविष्य की योजनाओं और संभावनाओं को लेकर विशेषज्ञों से सलाह भी ली। कार्यक्रम के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल ज्योति दुबे ने बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 के तहत अब केवल पारंपरिक शिक्षा ही नहीं बल्कि स्किल डेवलपमेंट और व्यावसायिक शिक्षा पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि छात्र समय रहते अपने करियर की सही दिशा तय कर सकें।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, सेना और न्याय विभाग के अधिकारियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपने विभागों में उपलब्ध करियर अवसरों, चयन प्रक्रिया और भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस करियर फेयर ने न सिर्फ छात्रों को नई जानकारी दी, बल्कि उनके भविष्य को लेकर नई सोच और नई उम्मीदें भी जगाईं।