सोशल मीडिया की शानो-शौकत बनी मुसीबत! रील देखकर किया अप हरण, 3 बदमाश गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर महंगे मोबाइल, लग्जरी लाइफ और ठाठ-बाठ दिखाने का शौक कभी-कभी कितना भारी पड़ सकता है, इसका हैरान करने वाला मामला मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से सामने आया है। यहां पवई के एक कपड़ा व्यापारी के बेटे की सोशल मीडिया रील्स देखकर बदमाशों ने उसे अमीर समझ लिया और फिर अपहरण कर लाखों की फिरौती मांग डाली। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया और अब तीनों आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं।
जानकारी के अनुसार पवई निवासी कपड़ा व्यापारी के 19 वर्षीय बेटे अंशुल उर्फ कान्हा डेंगरे की सोशल मीडिया पर महंगे मोबाइल और आलीशान लाइफस्टाइल से जुड़ी रील्स पोस्ट होती थीं। आरोप है कि इन्हीं रील्स को देखकर तीन बदमाशों ने उसे आर्थिक रूप से संपन्न समझ लिया और अपहरण की साजिश रच डाली।बताया जा रहा है कि 27 जून को बदमाशों ने युवक का अपहरण कर परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। परिवार युवक की सुरक्षा को लेकर इतना घबरा गया कि आरोपियों के खाते में एक लाख 48 हजार रुपये भी ट्रांसफर कर दिए। लेकिन इसी दौरान पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खाते को तुरंत फ्रीज करा दिया और युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस जांच के दौरान तीनों आरोपियों राजकमल रजक, राजकुमार पाल और शिवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से एक पिस्तौल, दो कट्टे और दो बाइक भी जब्त की गई हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अपराधियों में कानून का डर पैदा करने और जनता में विश्वास कायम करने के उद्देश्य से तीनों आरोपियों का नगर में पैदल जुलूस भी निकाला। फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।