JE की शादी का महाभारत! दूसरी पत्नी पहुंची तो तीसरी के साथ कमरे में साहब, सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा
एक ऐसा पारिवारिक विवाद सामने आया जिसने पूरे इलाके को चर्चा का विषय बना दिया। बिजली विभाग में पदस्थ एक जूनियर इंजीनियर यानी जेई के घर उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया, जब खुद को उनकी दूसरी पत्नी बताने वाली महिला अचानक घर पहुंच गई। महिला का आरोप है कि जेई पहले से शादीशुदा होने के बावजूद उसे कुंवारा बताकर शादी की और अब एक अन्य महिला के साथ रह रहे हैं। वहीं जेई ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ब्लैकमेलिंग और पैसे वसूलने की कोशिश बताया है।
मामला एमपी के राजगढ़ जिले के जीरापुर नगर की मुंदड़ा कॉलोनी का है। जानकारी के अनुसार लालो गिरी नाम की महिला अपने एक परिचित के साथ जेई सुबोध कुमार के घर पहुंची। वहां पहुंचने पर उसने खुद को जेई की पत्नी बताते हुए घर के अंदर मौजूद महिला को लेकर सवाल उठाए। देखते ही देखते मामला बहस से झगड़े तक पहुंच गया। सड़क पर हंगामा शुरू हो गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
महिला ने आरोप लगाया कि साल 2019 में उसकी मुलाकात सुबोध कुमार से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर संबंध प्यार में बदल गया। महिला का कहना है कि उस समय जेई ने खुद को अविवाहित बताया था और स्टाम्प पेपर पर लिखित समझौते के जरिए शादी की थी। महिला का दावा है कि वह कई वर्षों तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे, लेकिन बाद में उसे पता चला कि सुबोध पहले से शादीशुदा हैं।
दूसरी तरफ जेई सुबोध कुमार ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठ बताया। उन्होंने कहा कि महिला पहले से शादीशुदा है और उसका मामला न्यायालय में चल रहा है। जेई का आरोप है कि महिला और उसके साथ आए लोग उन पर लगातार दबाव बनाकर लाखों रुपये की मांग कर रहे हैं। मामले की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुए हैं और जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले ने इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।