Sagar- सर्वजीत की गिरफ्तारी और मंत्री के विरोध पर कांग्रेस ने ली चुटकी, कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना !
सागर जिले की बांदरी थाना पुलिस ने बीते दिन एकबाडी कार्यवाई करते हुए जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी को गिरफ्तार करते हुए जेल भेजा। गिरफ्तारी के बाद कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल ने इसका विरोध करते हुए निंदा व्यक्त की। वहीं अब इस मामले में सियासत गरमा गयी है साथ ही सियासी बयानबाजी भी तेज हो गयी है। मंत्री प्रहलाद पटेल के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार और संगठन पर निशाना साधा।
कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने कहा की अगर दो साल पहले मुकदमा दर्ज किया गया था तो दो साल तक पुलिस ने कार्यवाई क्यों नहीं की। जबकि इस दौरान वह भाजपा के कई मंचों पर रहा। उन्होंने कहा की किसी कैबिनेट मंत्री को अपनी पीड़ा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यक्त करनी पड़ रही है। यह इस बात का संकेत है कि भाजपा के भीतर वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब प्रशासनिक अधिकारी भाजपा के नेताओं और मंत्रियों की भी नहीं सुन रहे हैं।
अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने कहा की भाजपा के नेता सत्ता के नशे में चूर हैं और पार्टी के भीतर समन्वय की कमी साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि सर्वजीत लोधी की गिरफ्तारी के बाद सामने आए घटनाक्रम ने भाजपा की अंदरूनी खींचतान को उजागर कर दिया है।
बता दें की मर्डर के प्रयास के एक पुराने मामले में फरार चल रहे जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी को बांदरी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उन्हें जेल भेजा गया है। मामला 2024 का है जहां बांदरी स्थित सौरभ ढाबे पर मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में सर्वजीत फरार चल रहे थे। अचानक गिरफ्तारी के बाद अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं मंत्री प्रहलाद पटेल की सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।------