हाईवे पर कोयले से लोडेड ट्रक खड़े ट्रक से टक-राया, चालक की 6 घंटे अटकी रही सांसें, रेस्क्यू के बाद बच सका
कोयले से भरा हुआ एक ट्रक हाईवे किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसा इतना जबरदस्त था की ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया वहीं चालक केबिन में ही फंस गया। उसे बचाने करीब छह घंटों तक रेस्क्यू चलाया गया। तब तक उसकी जान अटकी रही। कड़ी मशक्कत के बाद उसकी जान बचाई जा सकी। घटना एमपी के उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र से सामने आई है। बताया जा रहा है की नेशनल हाईवे 43 पर देर रात ये सड़क हादसा हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुँच गए थे। चालक को बाहर निकालने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था।
बताया गया की नेशनल हाईवे-43 स्थित बांका तिराहा के पास सड़क किनारे ट्रक खड़ा था। इसी दौरान उमरिया से कटनी तरफ जा रहा कोयला लोडेड ट्रक अनियंत्रित होकर पीछे से खड़े ट्रक में जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया और चालक सुनील यादव उसके अंदर फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही चंदिया पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। चालक को बाहर निकालने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया गया। रात करीब 12 बजे उसे बचाने की जद्दोजहद शुरू हुई। जहां सुबह तकरीबन 6 बजे सफलता मिल सकी। छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक सुनील यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं मामले में पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। गनीमत की बात ये है की इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हो पाई।---