2 इंच बारिश से हाल बेहाल! घरों में घुसा पानी, नर्मदा उफान पर, प्रशासन अलर्ट, बारिश का कहर !
एमपी के डिंडौरी जिले में मानसून ने अब अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन करीब 2 इंच बारिश दर्ज की गई है, जिसके बाद नर्मदा नदी सहित उसकी सहायक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मालपुर में नर्मदा का पानी छोटे पुल के ऊपर से बहने लगा है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। वहीं निर्माण कंपनियों की कथित लापरवाही ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
लगातार बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मालपुर क्षेत्र में नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने से छोटे पुल के ऊपर पानी बहने लगा, जिसके चलते लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई। स्थानीय लोग लगातार प्रशासन से सुरक्षित व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं। नदी किनारे के क्षेत्रों में भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इधर करंजिया क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे निर्माण कार्य कर रही कंपनी की लापरवाही लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई। बारिश का पानी सीधे तीन घरों में घुस गया, जिससे घरेलू सामान और जरूरी सामग्री खराब हो गई। वहीं शहपुरा तहसील मुख्यालय का मुख्य मार्ग भी जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो गया। सड़क पर जमा पानी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने निर्माण कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताई और नुकसान की भरपाई के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने भी अगले 24 घंटे के लिए जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।