Sagar- देवरी में तीन गोदामों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस का बड़ा खुलासा !
सागर जिले के देवरी में जनवरी महीने में व्यापारियों के गोदामों में हुई चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। तीन अलग-अलग गोदामों को निशाना बनाने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया अनाज और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है। मामला देवरी नगर का है, जहां जनवरी माह में लगातार तीन व्यापारियों के गोदामों में चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी थी। सबसे पहले एसडीएम कार्यालय के सामने स्थित व्यापारी अनिल जैन ने अपने गोदाम से 12 बोरी चना चोरी होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो एक के बाद एक कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि यही गिरोह खंडेराव क्षेत्र स्थित व्यापारी करन राजपूत के गोदाम से 10 बोरी मूंग और व्यापारी सतीश जैन के गोदाम से भी 10 बोरी मूंग चोरी कर चुका था। लगातार हुई इन वारदातों से व्यापारियों में दहशत का माहौल था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फंदे उर्फ अंकित पटेल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर उसके फरार साथी आशिक खान को भी पकड़ लिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया अनाज और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल क्रमांक MP-49-MJ-1968 जब्त कर ली। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं। इस कार्रवाई के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।