Sagar-अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्लाबोल ! सैकड़ों महिलाएं पहुंचीं थाने, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
सागर जिले के देवरी क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। गांव में कथित रूप से चल रही अवैध शराब बिक्री से परेशान सैकड़ों महिलाएं महाराजपुर थाने पहुंचीं और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा जनआंदोलन करेंगी।
मामला देवरी तहसील के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धुलतारा के मड़वा खमरा गांव का है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एकजुट होकर महाराजपुर थाने पहुंचीं। हाथों में ज्ञापन लेकर महिलाओं ने गांव में कथित रूप से चल रहे अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने की मांग की।
महिलाओं का आरोप है कि गांव में रतन गोंड खुलेआम अवैध शराब बेच रहा है और उसे राजकुमार पटेल का संरक्षण प्राप्त है। उनका कहना है कि जब ग्रामीण महिलाओं ने इस कारोबार का विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता की गई और गाली-गलौज कर उन्हें डराने की कोशिश की गई।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि गांव में शराब की अवैध बिक्री के कारण घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं। कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके हैं और महिलाओं तथा बच्चों का जीवन भी प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि गांव का माहौल लगातार खराब होता जा रहा है। महिलाओं ने यह भी बताया कि इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण मजबूर होकर उन्हें थाने पहुंचकर प्रदर्शन करना पड़ा।
महाराजपुर थाना प्रभारी ने महिलाओं का ज्ञापन प्राप्त कर मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
हालांकि महिलाओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि गांव में अवैध शराब का कारोबार बंद नहीं कराया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।