सागर- नाबालिग को भगाकर महाराष्ट्र भागा आरोपी गिरफ्तार! पुलिस ने दबिश देकर दबोचा
सागर जिले की रहली पुलिस को नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ गंदा काम करने के मामले में बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने महाराष्ट्र में दबिश देकर गिरफ्तार किया और उसे न्यायालय में पेश कर दिया। इस कार्रवाई के बाद आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंच गया है। मामला रहली थाना क्षेत्र का है, जहां एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले नाबालिग लड़की को गढ़ाकोटा क्षेत्र से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया था। इसके बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर रहली पुलिस को आरोपी के महाराष्ट्र में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने महाराष्ट्र में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस आरोपी को विधिवत अभिरक्षा में लेकर रहली पहुंची, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे रहली न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाना पुलिस की प्राथमिकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र तैयार करने की प्रक्रिया भी जारी है।