बारिश में वॉटरफॉल में फं से दो युवकों का 3 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन और फिर!
बारिश के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कटंगी क्षेत्र के प्रसिद्ध निदान वॉटरफॉल में घूमने पहुंचे दो युवक अचानक बढ़े पानी के बीच फंस गए। चारों तरफ पानी और अंधेरा... ऊपर से लगातार हो रही तेज बारिश ने हालात और भी मुश्किल बना दिए। सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग और एसडीईआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला और फिर शुरू हुआ जिंदगी बचाने का चुनौतीपूर्ण अभियान।
मामला एमपी के जबलपुर के कटंगी क्षेत्र स्थित निदान वॉटरफॉल का है, जहां आर्यन बर्मन और हर्ष शुक्ला नाम के दो युवक बारिश के दौरान घूमने पहुंचे थे। लेकिन अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के कारण वॉटरफॉल का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। देखते ही देखते दोनों युवक बीच हिस्से में फंस गए और बाहर निकलने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। जैसे ही इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को लगी, तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगातार हो रही बारिश और फिसलन भरे रास्तों के बीच रेस्क्यू टीम के सामने बड़ी चुनौती थी।
करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में टीम ने बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ दोनों युवकों तक पहुंचने की कोशिश की। अंधेरा बढ़ता जा रहा था और बारिश लगातार जारी थी, लेकिन टीम ने हिम्मत नहीं हारी। आखिरकार लंबे प्रयास के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। युवकों के सुरक्षित बाहर आने के बाद उनके परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में वॉटरफॉल और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें, क्योंकि अचानक बढ़ता जलस्तर कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। यह घटना एक बार फिर चेतावनी दे रही है कि प्राकृतिक स्थलों पर थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।