समोसे के लिए रुकी ट्रेन? वायरल वीडियो से मचा बवाल, रेलवे ने बैठाई जांच
क्या कभी आपने सुना है कि ट्रेन यात्रियों के लिए नहीं, बल्कि समोसे खरीदने के लिए रोक दी गई हो? एमपी के इंदौर और महू के बीच चलने वाली डेमू ट्रेन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि लोको पायलट रास्ते में ट्रेन रोककर समोसे खरीदने चला गया। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो राऊ के रंगवासा रोड इलाके का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इंदौर-महू डेमू ट्रेन यहां अक्सर कुछ मिनट के लिए रुकती है। आरोप है कि इस दौरान लोको पायलट ट्रेन से उतरकर पास की दुकान से समोसे खरीदता है, जिससे ट्रेन करीब 10 मिनट तक विलंबित होती है।
इसी कथित घटनाक्रम का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की बात कह रहे हैं। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में यह साबित होता है कि लोको पायलट ने बिना किसी अधिकृत कारण, सिग्नल या परिचालन संबंधी आवश्यकता के ट्रेन रोकी और निजी कार्य के लिए केबिन से बाहर निकला, तो रेलवे नियमों के अनुसार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल रेलवे ने लोगों से जांच पूरी होने तक किसी भी दावे को अंतिम सत्य न मानने की अपील की है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं, लेकिन सच क्या है, इसका जवाब अब जांच रिपोर्ट ही देगी। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित कर्मचारी पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। फिलहाल सभी की नजर रेलवे की जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी हुई है।