पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरी महिला रेंजर की बोलेरो, बाल-बाल बचीं चारों सवार | SAGAR TV NEWS |
एमपी के मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टिकरिया थाना क्षेत्र में वन विभाग की महिला रेंजर सोनम जैन की बोलेरो अनियंत्रित होकर बालई नदी के पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में महिला रेंजर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अन्य तीन लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, बोलेरो जबलपुर से मंडला की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन टिकरिया थाना क्षेत्र के बालई नदी पुल पर पहुंचा, अचानक एक मोटरसाइकिल सवार सामने आ गया। चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते बोलेरो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे सभी घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया। इस हादसे में मंडला वन विभाग की रेंजर सोनम जैन को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
गनीमत यह रही कि जिस समय बोलेरो नदी में गिरी, उस वक्त बालई नदी में पानी का स्तर काफी कम था और वाहन पलटा नहीं। यदि नदी में अधिक पानी होता या वाहन पलट जाता, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को पुल के नीचे से निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस चालक के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। एक पल की चूक ने इस सफर को हादसे में बदल दिया, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता और समय पर हुए रेस्क्यू ने चार जिंदगियां बचा लीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घायल महिला रेंजर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।