अहमदाबाद ब्लास्ट का आरोपी बेटी के निकाह में शामिल होने पहुंचा घर,छावनी बना इलाका, पैरोल के बाद जेल
करीब 18 साल पहले हुए अहमदाबाद ब्लास्ट का आरोपी अपनी बेटी के निकाह में शामिल होने अपने घर पहुंचा। इस दौरान इतना कड़ा पहरा रखा गया था की पूरा इलाका छावनी नज़र आया। तीन दिन की पैरोल के बाद आरोपी वापिस जेल रवाना हुआ। मामला उज्जैन जिले का है।
बताया जा रहा है की साल 2008 के दहला देने वाले अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा दोषी मोहम्मद अबरार उर्फ अबरार मनियार तीन दिन की पैरोल अवधि पूरी कर सोमवार को वापस जेल चला गया। अपनी बेटी के निकाह में शामिल होने अदालत से मिली अनुमति के बाद शनिवार की रात कड़ी सुरक्षा के बीच गुजरात पुलिस उसे उज्जैन लेकर पहुँची थी। अबरार के बेगमबाग स्थित घर पर पहुँचते ही पूरे इलाके की फिजा बदल गई। घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात होने से पूरा मोहल्ला छावनी जैसा नज़र आया।
निकाह समारोह के दौरान सुरक्षा के इंतजाम इतने सख्त थे कि हर आने-जाने वाले मेहमान की सघन तलाशी ली जा रही थी। स्थानीय पुलिस के साथ गुजरात की टीम ने मिलकर घर के आसपास के रास्तों और ऊंची इमारतों से भी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी थी। दोषी अबरार को पूरी तरह पुलिस के घेरे में रखा गया था, ताकि वह किसी भी तरह से सुरक्षा घेरे से बाहर न निकल सके। बेटी के निकाह की रस्में पूरी होने के बाद सोमवार की सुबह गुजरात पुलिस उसे अपनी अभिरक्षा में वापस अहमदाबाद के लिए लेकर रवाना हो गई।
गौरतलब है कि 26 जुलाई 2008 को अहमदाबाद में हुए 21 सिलसिलेवार बम धमाकों ने देश को हिलाकर रख दिया था। जिसमें 56 लोगों की जान गई थी। इस मामले में साल 2022 में अदालत ने 49 दोषियों को सजा सुनाई थी। जिनमें से अबरार को आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने और ट्रेनिंग में शामिल होने के आरोप में आजीवन कारावास की सजा मिली थी। पैरोल की मियाद खत्म होते ही अब वह वापस साबरमती जेल की सलाखों के पीछे पहुँच गया है।