Sagar-सर्वजीत लोधी गिरफ्तारी पर बढ़ी सियासी गर्मी! प्रहलाद पटेल के समर्थन में उतरे मंत्री धर्मेंद्र लोधी
सागर में जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी की गिरफ्तारी अब पूरी तरह राजनीतिक मुद्दा बन चुकी है। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के बाद अब प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी भी उनके समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। सागर प्रवास के दौरान मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने मीडिया से बातचीत में ऐसा बयान दिया, जिससे प्रदेश की सियासत और गरमा गई है।
दो वर्ष पुराने हत्या के प्रयास के मामले में जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी की गिरफ्तारी के बाद लगातार राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सबसे पहले केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। उन्होंने लिखा था कि दो साल तक मामला लंबित रखने के बाद अचानक गिरफ्तारी करना अपमानित करने जैसा है और उन्होंने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई थी।
अब सागर पहुंचे प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने भी प्रहलाद पटेल के बयान का समर्थन किया है। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा, "प्रहलाद पटेल हमारे वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने जो भी कहा है, वह सही ही कहा होगा। मैं उनके बयान का समर्थन करता हूं।" मंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विपक्ष पहले ही इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठा चुका है। कांग्रेस का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम ने भाजपा सरकार के भीतर मतभेदों को उजागर कर दिया है।
गौरतलब है कि सागर पुलिस ने हाल ही में जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी को दो वर्ष पुराने हत्या के प्रयास के एक प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
अब केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल और राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी के लगातार समर्थन के बाद यह मामला सिर्फ कानूनी नहीं, बल्कि राजनीतिक बहस का विषय भी बन गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।