सागर- टाइगर रिजर्व में दो बाघों की दहाड़! वनकर्मी और ग्रामीण पर हमले के बाद बढ़ी सतर्कता
मध्यप्रदेश के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से एक बड़ी खबर सामने आई है। मुहली रेंज में अब एक नहीं, बल्कि दो बाघ सक्रिय होने की पुष्टि हुई है। हाल ही में वनकर्मी और एक ग्रामीण पर हुए हमलों के बाद वन विभाग ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। हाथियों से की गई गश्त के दौरान महावत को एक बाघ का शावक भी दिखाई दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई को सागर जिले के रहली के मुहली रेंज में नियमित गश्त के दौरान एक बाघ ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में वन श्रमिक बाबूलाल रैकवार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके पैर में गहरी चोट आई। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे इलाके में हाथियों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया ताकि हमलावर बाघ की पहचान की जा सके।
गश्त के दौरान घटनास्थल के आसपास एक बाघ का शावक दिखाई दिया। अधिकारियों ने बताया कि नवंबर 2025 की कैमरा ट्रैपिंग में भी इसी शावक की तस्वीर कैद हुई थी। उस समय उसकी उम्र करीब 9 से 12 महीने आंकी गई थी, जबकि अब उसकी उम्र लगभग 15 से 18 महीने हो चुकी है। इससे पहले पटना मुहली क्षेत्र में भी एक ग्रामीण पर बाघ ने हमला किया था। शुरुआत में माना जा रहा था कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही बाघ है, लेकिन विस्तृत जांच, वनकर्मियों के बयान, पंजों के निशान और अखिल भारतीय बाघ गणना 2025 के कैमरा ट्रैप के फोटो के विश्लेषण के बाद यह स्पष्ट हो गया कि दोनों घटनाओं में अलग-अलग बाघ शामिल थे।
वन विभाग ने पुष्टि की है कि मुहली रेंज में एक वयस्क बाघिन और एक युवा बाघ शावक सक्रिय हैं। दोनों की लगातार निगरानी की जा रही है और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने जंगल से लगे गांवों के लोगों से सतर्क रहने, बिना जरूरत जंगल की ओर न जाने और किसी भी बाघ की गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की है। फिलहाल विभाग का पूरा फोकस वन्यजीवों और स्थानीय लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है। मुहली रेंज में दो बाघों की मौजूदगी ने वन विभाग की चिंता तो बढ़ाई ही है, साथ ही आसपास के ग्रामीणों में भी सतर्कता का माहौल बना दिया है।