सस्ता सोना दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी को दबोच लाई पुलिस, हुए कई चौंकाने वाले खुलासे
सोशल मीडिया के जरिये एक ठग लोगों को झांसे में लेता, उन्हें सस्ता सोना दिलाने का झांसा दिया जाता और पैसे लेकर लाखों की चपत लगाता था। इसी तरह एक युवक को भी सस्ता सोना दिलाने के नाम पर करीब दस लाख रूपये ठग लिए जिसे अब पुलिस ने धर दबोचा है। कार्यवाई उज्जैन जिले की पुलिस ने की है शातिर को पकड़ने पुलिस ने जाल बिछाया इसके बाद उसे राजस्थान से गिरफ्तार किया।
बताया गया की सोशल मीडिया और सुनहरे वादों के जरिए लोगों को ठगने वाले एक शातिर आरोपी को उज्जैन पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया। आरोपी ने सेठी नगर निवासी एक युवक को गुजरात के कच्छ स्थित अडानी बंदरगाह पर सस्ता सोना मिलने का लालच देकर 9 लाख 80 हजार रुपये की ठगी की थी। ठगी का शिकार हुए युवक को न तो सोना मिला और न ही उसके पैसे वापस हुए। जिसके बाद उसकी शिकायत पर उज्जैन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। ठगों का गिरोह पहले ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए सोने का असली सैंपल दिखाता था। जिसके बाद झांसे में आकर लोग मोटी रकम निवेश कर देते थे। आरोपी ने भी फरियादी से टोकन मनी के नाम पर लाखों रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद ली। टीआई गजेंद्र पचोरिया के निर्देशन में गठित टीम ने राजस्थान में दबिश देकर मुख्य आरोपी को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जिसके आधार पर पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। इस सराहनीय कार्रवाई पर उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने पुलिस टीम की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें 10 हजार रुपये के इनाम से पुरस्कृत किया है।-