चीतल को खेला खिलाना युवक को पड़ा महंगा, टीम ने किया गिरफ्तार, वन विभाग बोला ये गंभीर अपराध !
कई बार छोटी सी गलतियां बड़ी बन जाती है जाने अनजाने में किये गए काम की वजह से लेने के देने पड़ जाते हैं। कुछ ऐसा ही एक युवक के साथ भी हुआ जिसे वन्य जीव चीतल को केला खिलाना महंगा पड़ गया। उसे न सिर्फ पार्क प्रबंधन टीम ने गिरफ्तार किया बल्कि न्यायालय में भी पेश किया। मामला उमरिया जिल का है। जहां बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक युवक द्वारा चीतल को केला खिलाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद कार्यवाई की गयी। दरअसल वन विभाग का कहना है की वन्यजीवों को भोजन कराना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है। बल्कि उनके प्राकृतिक व्यवहार और सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। इसलिए ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
बता दें की कुछ दिन पहले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली कोर जोन में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। जिसमें एक कार सवार युवक सड़क किनारे खड़े चीतल को केला खिलाते हुए दिख रहा था। जो वन्यजीव संरक्षण के नियमों के लिहाज से गंभीर अपराध है। वीडियो सामने आते ही टाइगर रिजर्व प्रबंधन हरकत में आया। वीडियो की जांच शुरू की गयी। कार के नंबर के आधार पर युवक की पहचान अनूपपुर जिले के कोतमा निवासी अनूप मिश्रा के रूप में हुई। जिसके बाद टीम ने कोतमा पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे न्यायालय में पेश किया। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग अधिकारियों के मुताबिक टाइगर रिजर्व या किसी भी संरक्षित वन क्षेत्र में वन्यजीवों को भोजन कराना, उन्हें आकर्षित करना या उनके प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप करना कानूनन अपराध है। इससे वन्यजीव इंसानों पर निर्भर होने लगते हैं। उनका स्वाभाविक व्यवहार बदलता है और मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका भी बढ़ जाती है। प्रबंधन ने पर्यटकों से अपील की है कि जंगल सफारी के दौरान सभी नियमों का पालन करें। वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।-