स्कूल प्राचार्य के तंज ने खोल दी पोल, बोले हम सौभाग्यशाली जो रास्ते में इतना बड़ा नाला पड़ता है !
विकास के वादों और दावों के बीच आज भी कई ऐसी तस्वीरें सामने आती हैं जिनसे कई सवाल भी खड़े होते हैं। इसी तरह का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें स्कूल के प्राचार्य बहते हुए नाले को पार करके जा रहे हैं लेकिन उन्होंने जो बात कही उसने न सिर्फ व्यवस्थाओं की पोल खोली बल्कि उनका तंज अब चर्चा का विषय भी बना हुआ है। उन्होंने कहा की मैं बहुत भाग्यशाली हूं की पानी में जाना पड़ रहा है। इतना बड़ा नाला हमारे यहां पड़ता है। तस्वीरें एमपी के शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया विकासखंड से सामने आई हैं।
जहां भारी बारिश के चलते शिक्षकों को जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है। बताया गया की एकीकृत सरकारी हाई स्कूल नौलाया के पास नाले में पानी भरने से मुख्य मार्ग जलमग्न हो गया। शासन की ई-अटेंडेंस व्यवस्था के चलते शिक्षकों को समय पर स्कूल पहुंचकर उपस्थिति दर्ज करनी होती है।
स्कूल के प्राचार्य गोकुल प्रसाद कुलमिया और अन्य स्टाफ सदस्य उफनता नाला पार करते हुए स्कूल पहुंचे। बताया गया की बारिश के दौरान नाले का पानी सड़क पर आ जाता है। जिससे आवागमन बेहद खतरनाक हो जाता है। लेकिन बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए हर दिन खतरा उठाकर स्कूल आ रहे हैं।
बताया जा रहा है की यह समस्या कोई आज की नहीं बल्कि हर साल बारिश के मौसम में यही आलम होता है। नाले पर सुरक्षित पुल या वैकल्पिक मार्ग न होने से शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अवगत कराये जाने के बाद भी प्रशासन ने कोई समाधान नहीं किया।