SAF पेट्रोल पंप पर हंगामा, ट्रक ड्राइवर को कर्मचारियों ने पीटा, CNG में झोलझाल के आरोप !
एसपी कार्यालय के पास मौजूद SAF पेट्रोल पंप पर अचानक से गहमागहमी का माहौल बन गया। बताया गया की ट्रक ड्राइवर ने कर्मचारियों पर CNG भरने में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गयी। जिससे पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गयी। मामला मुरैना जिले का है। इसके अलावा एक कार चालक ने बिना CNG भरे ही 627 रुपये वसूलने का आरोप लगाया। इस दौरान काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी ट्रक चालक साहिल चौहान ने आरोप लगाया की वह अपने ट्रक में CNG भरवाने SAF पेट्रोल पंप पहुंचा था। पहले उसे दूसरी मशीन पर भेजा गया। जहां बिना गैस सप्लाई शुरू किए ही मीटर में 300 रुपये की रीडिंग दिखा दी गई। आपत्ति जताने पर कर्मचारियों ने गलती स्वीकार की लेकिन दोबारा CNG भरने पर भी फिर वही हुआ।
आरोप है की इसका वीडियो बनाने पर पंप के तीन-चार कर्मचारियों ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया साथ ही मारपीट भी कर दी। सूचना पर SAF के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। अधिकारीयों ने तत्काल ट्रक चालक से माफी मांगने की बात कही वहीं मारपीट करने वाले कर्मचारियों को हटाने के निर्देश भी दिए। जिसके बाद मामला शांत हुआ।
इसके अलावा पेट्रोल पंप पर CNG भरवाने आए दिमनी क्षेत्र के रिठौरा का पुरा निवासी धर्मेंद्र सिंह ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा की उन्होंने अपनी कार में 627 रुपये की CNG भरवाई, लेकिन महज आठ किलोमीटर चलने के बाद ही गैस खत्म हो गई। कार पेट्रोल पर चलने लगी। जब वह शिकायत लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो कर्मचारियों ने गाड़ी में खराबी बता दी। जिससे हंगामा हुआ। इन मामले के बाद अब कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। दोनों मामलों के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन की ओर से प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।------