सागर- कर्मचारी निलंबित, कई प्रभार छीने, खुद झाड़ू लेकर सड़क पर उतरे निगमायुक्त | SAGAR TV NEWS |
सागर नगर निगम में प्रशासनिक सख्ती का बड़ा संदेश देखने को मिला है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कार्य में लापरवाही पर एक स्थायी कर्मचारी को निलंबित कर दिया, चार कर्मचारियों से महत्वपूर्ण प्रभार वापस ले लिए और कई शाखाओं में नए अधिकारियों की नियुक्ति कर दी। इतना ही नहीं, शहर में सफाई और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए निगमायुक्त खुद सड़क पर झाड़ू लेकर उतर गए और दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी दी।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थायी कर्मचारी राजेंद्र मलैया को निलंबित कर दिया। वहीं राजेश सिंह राजपूत, आनंद मंगल गुरु, शहीदउद्दीन कुरैशी और हरेंद्र खटीक को उनके प्रभारों से मुक्त कर विभिन्न शाखाओं में नए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई।
हरेंद्र खटीक के स्थान पर कार्यपालन यंत्री जितेंद्र कुमार गुप्ता को वाहन शाखा का प्रभारी बनाया गया, जबकि आयुष शुक्ला और कृष्ण कुमार चौरसिया को सहायक प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। स्वास्थ्य विभाग में सहायक आयुक्त तबस्सुम खान को प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी बनाया गया। आनंद मंगल गुरु से बाजार शाखा सहित सभी प्रभार वापस लेते हुए उन्हें कर्मचारी संगठनों की मांगों के निराकरण में लापरवाही के आरोप में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है और एक दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर, निगमायुक्त ने कटरा बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को मौके पर ही हटवाया। सड़क पर सामान रखने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण मिलने पर जप्ती, जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, निगमायुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था का भी औचक निरीक्षण किया। बस स्टैंड, एमएलबी स्कूल और कटरा बाजार क्षेत्र में गंदगी मिलने पर उन्होंने स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई की और सफाई अमले को जिम्मेदारी का एहसास कराया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगमायुक्त ने बताया कि 1 से 31 जुलाई तक चल रहे "स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ" अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम पूरी गंभीरता से काम करेगा। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।