सागर जिला अधिवक्ता संघ में महिला शक्ति का सम्मान! चुनाव में 5 पद आरक्षित, महिला वकीलों ने मनाया जश्न
सागर जिला अधिवक्ता संघ के आगामी चुनाव से पहले महिला अधिवक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। संघ की नई निर्वाचन व्यवस्था में महिलाओं के लिए पांच पद आरक्षित किए गए हैं। इस ऐतिहासिक निर्णय का महिला अधिवक्ताओं ने स्वागत करते हुए जिला अधिवक्ता संघ परिसर में जश्न मनाया, मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की। इस दौरान वर्तमान कार्यकारिणी के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।
सागर जिला अधिवक्ता संघ के प्रस्तावित चुनाव में पहली बार महिला अधिवक्ताओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। नई व्यवस्था के तहत 15 सदस्यीय कार्यकारिणी में पांच पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सह सचिव और दो कार्यकारिणी सदस्य के पद शामिल हैं।
इस निर्णय के बाद महिला अधिवक्ताओं ने विशेष कार्यक्रम आयोजित कर वर्तमान कार्यकारिणी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में महिला अधिवक्ताओं ने मिठाइयां बांटकर, आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर अपनी खुशी साझा की। उनका कहना था कि यह फैसला अधिवक्ता संघ में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत करेगा तथा नेतृत्व के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, सचिव कुंवर वीरेंद्र सिंह राजपूत सहित पूरी कार्यकारिणी, वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पुरुष अधिवक्ताओं ने भी महिला अधिवक्ताओं का सम्मान करते हुए इस निर्णय का स्वागत किया और इसे संघ के इतिहास में एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक कदम बताया।
इस अवसर पर रश्मिरितु जैन, मणिप्रभा जैन, रजनी ठाकुर, रश्मि तनेजा, संगीता चौबे, भावना शुक्ला, चंद्रप्रभा दुबे, प्रीति प्रजापति, रिंकी प्रजापति, नीलम पटेल, महजबीन अली, ऐनी गोस्वामी, अंशिता राजपूत, सोमलता अग्निहोत्री, अदिति त्रिपाठी, सिद्धि जैन, आरती जैन, सुमिता विश्वे, नीतू अहिरवार, मधु केशरवानी सहित बड़ी संख्या में महिला अधिवक्ता उपस्थित रहीं।
महिला अधिवक्ताओं का कहना है कि आरक्षण का यह निर्णय केवल प्रतिनिधित्व बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह न्यायिक क्षेत्र में महिलाओं की नेतृत्व क्षमता और सक्रिय भागीदारी को भी नई पहचान देगा। इससे आने वाले समय में अधिवक्ता संघ की कार्यप्रणाली और अधिक समावेशी और सशक्त बनने की उम्मीद जताई जा रही है।