सागर कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट की नकल शाखा और रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण, बाबू निलंबित ! | SAGAR TV NEWS |
सागर कलेक्ट्रेट में रिकॉर्ड रूम और नकल शाखा की अव्यवस्था पर कलेक्टर प्रतिभा पाल का सख्त रुख देखने को मिला। औचक निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड प्रबंधन में गंभीर लापरवाही और बड़ी संख्या में लंबित प्रकरण मिलने पर कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-3 सुधीर शर्मा को निलंबित करने के निर्देश दे दिए। साथ ही पूरे रिकॉर्ड सिस्टम को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए नए दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट की नकल शाखा और अभिलेखागार यानी रिकॉर्ड रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड के रख-रखाव में गंभीर अव्यवस्था, फाइलों का सही प्रबंधन नहीं होना और कई प्रकरण लंबे समय से लंबित पाए गए।
इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही नाराजगी जताई और कार्य में लापरवाही के लिए सहायक ग्रेड-3 सुधीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने समय-सीमा से बाहर हो चुके प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों की वजह से फाइलें अनावश्यक रूप से लंबित हैं, उनकी सूची तैयार कर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रतिभा पाल ने रिकॉर्ड प्रबंधन व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित करने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर यानी एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड की प्राप्ति, रख-रखाव और निराकरण की स्पष्ट प्रक्रिया तय की जाए तथा प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित करने के लिए रोस्टर प्रणाली लागू की जाए।
इसके अलावा नकल शाखा और लोक सेवा केंद्र के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश जारी किए गए। अब लोक सेवा केंद्र का ऑपरेटर या रनर प्रतिदिन शाखा में अपनी उपस्थिति दर्ज करेगा और लंबित प्रकरणों का दैनिक विवरण रजिस्टर में दर्ज करेगा, ताकि प्रत्येक आवेदन की नियमित मॉनिटरिंग हो सके और नागरिकों को समय पर सेवाएं मिल सकें। कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों में हड़कंप का माहौल है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य शाखाओं की भी इसी तरह समीक्षा की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।