प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे पति को निपटाकर किया जमीन में दफ़न, तीन महीने बाद खुलासा !
साथ में जीने मरने की कसमें खाने वाली पत्नी ने ऐसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। जिसे सुनकर आप सिहर उठेंगे। पति प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहा था इसलिए कथित प्रेमी ने पति का क़त्ल कर दिया। साथ ही उसकी डेड बॉडी को नाले किनारे जमीन में दफ़न कर दिया। जिसे अब तीन महीने बाद बरामद किया जा सका है। सनसनीखेज घटना एमपी के सतना जिले के रामपुर बघेलान क्षेत्र की है। दरअसल तीन महीने पहले एक युवक लापता हो गया जिसके मर्डर का खुलासा हुआ है। 20 साल के विपिन यादव की डेड बॉडी आरोपी के घर से तकरीबन 300 मीटर दूर नाले के पास मिली है। पुलिस को ऐसी आशंका है की मामला प्रेम प्रसंग का है। एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। जबकि पत्नी से भी पूछताछ जारी है।
बताया जा रहा है की ये पूरा मामला रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहार टोला, भगदेवरा गांव का है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक विपिन 26 मार्च 2026 को रीवा जिले के टीकर गोविंदगढ़ स्थित अपनी ससुराल गया था। उसे गांव का ही सुनील कुशवाहा अपने साथ लेकर गया था। जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। जिससे परिजनों ने 28 मार्च को रामपुर बघेलान थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस को जांच पड़ताल के दौरान सुनील कुशवाहा पर संदेह हुआ। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में आरोपी के घर से करीब 300 मीटर दूर नाले के किनारे खुदाई कराई। जहां जमीन में विपिन की दफ़नी हुई बॉडी बरामद हुई जो करीब तीन महीने पुरानी बताई जा रही है। शुरुआती जांच में मृतक की पत्नी आंचल यादव और संदिग्ध सुनील कुशवाहा के बीच प्रेम प्रसंग होने की आशंका है। इसलिए पुलिस इसी एंगल से जांच कर रही है। फ़िलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की जा सकी है। पुलिस ने संदिग्ध सुनील कुशवाहा को गिरफ्तार किया है वहीं मृतक की पत्नी से भी पूछताछ जारी है। पुलिस जल्द ही खुलासा करने की बात कह रही है।--