दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था युवक,डैम के तेज बहाव में बहा, अगले दिन मिला लेकिन...
दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए युवक की डैम में डूबने से जान चली गयी। लेकिन उसकी डेड बॉडी अगले दिन बरामद की जा सकी। बताया जा रहा है की युवक नहाते समय पानी के तेज बहाव में बह गया था। जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का बुरा हाल है। घटना एमपी के मुरैना जिले के जौरा स्थित पगारा डैम से सामने आई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। शुक्रवार शाम से ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। जिसके बाद शनिवार को एसडीआरएफ की टीम ने डेड बॉडी बरामद की। मृतक की पहचान मुरैना के काशीपुरा गांव निवासी 24 साल के राहुल इंदौरिया के रूप में हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक राहुल अपने चार दोस्तों के साथ शुक्रवार शाम पगारा डैम के नीचे धौरेरा गांव के पास पिकनिक मनाने गया था। डैम से निकलने वाली तेज पानी की धार में सभी नहाने लगे। लेकिन तभी राहुल गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया। इस दौरान पास ही मौजूद राहुल के दोस्तों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। जहां देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया। लेकिन अंधेरा होने और तेज बहाव की वजह से युवक का कुछ भी पता नहीं चल पाया था। इसके बाद शनिवार सुबह फिर एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू शुरू किया। काफी तलाश के बाद डैम से कुछ दूरी पर राहुल की डेड बॉडी बरामद की गई। जिसे बाहर निकालकर पीएम के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।