टिकिट बदलने और नरोत्तम मिश्रा को लेकर मंत्री विजयवर्गीय का बड़ा बयान, कह दी ये बात | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश की राजनीति में सियासी उठापटक जारी है। सबसे ज्यादा चर्चा का विषय दतिया बना हुआ है क्योंकि पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकिट न देने से भयंकर बवाल हुआ। वहीं इस मामले में प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा की पार्टी का फैसला सर्वोपरि है। वहीं उन्होंने दावा किया की आशुतोष तिवारी अच्छे मतों से जीत हासिल करेंगे। इस दौरान विजयवर्गीय ने दतिया विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की स्थिति साफ़ करते हुए कहा कि भाजपा में लोकतांत्रिक व्यवस्था है। हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है। टिकट वितरण के बाद अगर कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी है तो यह कोई असामान्य बात नहीं है।
वहीं नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद उनके समर्थकों की नाराजगी पर पूछे गए सवाल के जवाब में विजयवर्गीय बोले की यह कोई बड़ी बात नहीं है। विश्वास जताते हुए कहा की सभी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर स्थिति सामान्य कर ली जाएगी। पूरा संगठन एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेगा। भाजपा हर निर्णय पूरी गंभीरता और व्यापक विचार-विमर्श के बाद लेती है। इसलिए पार्टी के फैसले का सम्मान करना सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
नरोत्तम मिश्रा को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा की वह उन्हें अच्छे से जानते हैं। वह लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने खुद नरोत्तम मिश्रा से बातचीत करने दो-तीन बार फोन किया। लेकिन संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने ये भी कहा की इससे किसी तरह के राजनीतिक संदेश नहीं निकाले जाने चाहिए।
वहीं टिकट बदलने की अटकलों को पूरी तरह खारिज करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि ऐसा कोई सवाल ही नहीं है। भाजपा ने आशुतोष तिवारी को सोच-समझकर उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि आशुतोष तिवारी संगठन के पुराने, सक्रिय और मजबूत कार्यकर्ता हैं और पार्टी पूरी ताकत और एकजुटता के साथ उन्हें चुनाव मैदान में उतार रही है। विजयवर्गीय ने दावा किया कि भाजपा दतिया में एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी। आशुतोष तिवारी भारी मतों से जीत हासिल करेंगे।