सागर- सीवरेज कंपनी की लापरवाही, खुले गड्ढे में गिरने से बच्चे का पैर टूटा, आये दिन हो रहे हा-दसे !
सागर जिले के खुरई में सीवरेज लाइन का काम करने वाली कंपनी की लापरवाही की वजह से आये दिन घटनाएं हो रही है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह खुदाई के बाद खुले गड्ढे में गिरने से एक 12 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका पैर फ्रैक्चर हो गया है। जिसके बाद बड़ी संख्या में गुस्साए लोग सीवरेज कंपनी के कार्यालय पहुंचे और शिकायत की। बताया गया की खुरई में स्टेंडर्ड इंफ्रा कंपनी कार्य कर रही है जिसकी लापरवाही से दुर्घटनाएं हो रही हैं।
जानकारी के मुताबिक खुरई में स्टेंडर्ड इंफ्रा कंपनी द्वारा सीवरेज लाइन के साथ-साथ चेंबर डालने का काम किया जा रहा है। इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कभी इन गड्ढों में वाहन फंस जाते हैं तो कभी पानी की पाइप लाइन को तोड़ दिया जाता है। इन गड्ढों में लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। ऐसा ही एक और मामला सामने आया। जहां शहर के सहोद्रा राय वार्ड के लोग बड़ी संख्या में टीहर रोड स्थित सीवर लाईन कंपनी के कार्यालय पहुंचे। वार्डवासियों के साथ एक 12 साल का बच्चा भी था जिसके पैर में फ्रेक्चर है। वार्डवासियों का कहना है कि उनके वार्ड में सीवर लाईन का काम चल रहा है। पिछले 7 दिनों से एक गड्ढा खुदा पड़ा है। न तो काम पूरा किया जा रहा है न ही गड्ढा भरा जा रहा है। इस दौरान सुरेन्द्र आदिवासी का 12 साल का बेटा समर दुकान से सामान लेने जा रहा था। गड्ढे में गिरने से उसका पैर फैक्चर हो गया। सिविल अस्पताल में जाने पर प्राथमिक इलाज के बाद उसे सागर रेफर किया गया है।