कोर्ट मैरिज के अगले दिन भाग गई दुल्हन, एक लाख 80 हजार की ठगी, दुल्हन समेत 5 गिरफ्तार
एक व्यक्ति को शादी के सपने दिखाए बाकायदा कोर्ट मैरिज हुई लेकिन अगले दिन मौक़ा पाते ही नई नवेली दुल्हन मौका देखकर फरार हो गई। शादी के नाम पर करीब दो लाख रुपयों की कथित ठगी की घटना को अंजाम दिया गया। शिकायत पर पुलिस ने जांच पड़ताल की और इस मामले का खुलासा करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये पूरा मामला छतरपुर जिले से सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक छतरपुर में एक लाख 80 हजार रूपये की कथित धोखाधड़ी के चौंकाने वाले मामले में पुलिस ने गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जांच में सामने आया की ये गिरोह कथित रूप से लोगों को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करता था। बताया जा रहा है की दूधनाथ कॉलोनी निवासी दीपक चौरसिया उम्र 48 वर्ष साल ने शिकायत दर्ज कराई थी की बीते 6 तारीख को लवकुशनगर में उनकी कोर्ट मैरिज कराई गई। शादी के अगले ही दिन 7 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे अपने बड़े भाई को देखने जिला अस्पताल पहुंचे तो उसी दौरान उनकी पत्नी मौका देखकर वहां से फरार हो गई। जिसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत की जहां बीते 9 जुलाई को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू की तो पूरे मामले की परतें खुलने लगीं। इस दौरान महिला समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिनमें टीकमगढ़ के बम्होरी निवासी बबलू उर्फ जयप्रकाश अहिरवार, कमलेश पटेल उर्फ भगत जी, राजनारायण सिसोदिया, शंभु पटेल और संबंधित महिला शामिल है।
शुरूआती जांच में सामने आया की फरियादी से 1 लाख 80 हजार रुपये लेकर शादी कराने की डील की गई थी। जांच में यह भी सामने आया की संबंधित महिला की पहले दो शादियां हो चुकी थीं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है की कहीं यह गिरोह अन्य लोगों को भी इसी तरह शादी के नाम पर अपना शिकार तो नहीं बना चुका है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।------