मेहंदी से हाथ-पैरों पर लिखी दर्दभरी दास्तां, फिर महिला की मौत, नोट बना अहम सबूत
एमपी के छिंदवाड़ा जिले के चौरई थाना में एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 32 वर्षीय महिला ने कथित पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। मौत से पहले उसने अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी से कथित नोट लिखा, ताकि उसकी बात मिटाई न जा सके। अब पुलिस इसी लिखावट को अहम साक्ष्य मानकर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान प्रीति वर्मा के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 13 वर्ष पहले लखन वर्मा से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रीति को ससुराल में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतका के भाई हरिओम जांघेला ने बताया कि प्रीति को आशंका थी कि यदि वह कागज पर नोट लिखेगी, तो उसे नष्ट किया जा सकता है। इसी वजह से उसने अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी से कथित रूप से पूरी आपबीती लिखी, ताकि उसके आरोप हमेशा के लिए सुरक्षित रहें। परिजनों का कहना है कि प्रीति ने पहले भी दो से तीन बार पुलिस से शिकायत की थी। हर बार समझौते के बाद वह ससुराल लौट गई, लेकिन कथित प्रताड़ना फिर शुरू हो जाती थी। लगातार तनाव के बीच उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे पहले जिला अस्पताल और बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
चौरई थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले ने बताया कि पुलिस ने मृतका के हाथों और पैरों पर लिखे संदेशों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है। इन्हें जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया जाएगा। पुलिस मायके पक्ष के बयान दर्ज कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, महिला द्वारा लिखे गए संदेशों में पति और ससुराल पक्ष का उल्लेख है। हालांकि, इन आरोपों की सत्यता की जांच अभी जारी है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। अब इस पूरे मामले में पुलिस की जांच और एकत्र किए जा रहे साक्ष्य तय करेंगे कि महिला की मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और यदि किसी की भूमिका पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।