चक्काजाम के बाद इंटर्न शिक्षिका हटाई गई, उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षक-छात्र विवाद पर बवाल
उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षक और छात्रों के बीच हुआ विवाद सड़क तक पहुंच गया। अंग्रेजी बोलने के दबाव, अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोपों के बाद कक्षा 12वीं के छात्रों ने स्कूल के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और शास्त्री नगर रोड पर करीब तीन घंटे तक चक्काजाम किया। आखिरकार स्कूल प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
मामला एमपी के उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित उत्कृष्ट विद्यालय का है। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर कक्षा 12वीं (ए-2) के छात्र पढ़ाई छोड़कर स्कूल परिसर से बाहर आ गए। छात्रों का आरोप है कि इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल कक्षा में सभी से अंग्रेजी में ही बात करने का दबाव बना रही थीं। जब कुछ छात्र अंग्रेजी में जवाब नहीं दे पाए तो उनके साथ कथित रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
छात्रों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शिक्षक रवि पंड्या मौके पर पहुंचे और छात्र शिवेश चौधरी के साथ मारपीट की। इसके बाद अन्य छात्र भी विरोध में उतर आए और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर नारेबाजी करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही नीलगंगा और माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
वहीं, इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल ने छात्रों के आरोपों से अलग पक्ष रखा। उनका कहना है कि कुछ छात्र कक्षा में शोर-शराबा कर रहे थे, बेंच बजा रहे थे और समझाने पर अशोभनीय टिप्पणियां करने लगे। उन्होंने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर शिक्षक रवि पंड्या को बुलाया गया। शिक्षिका के अनुसार, रवि पंड्या ने छात्र को थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में छात्र ने भी शिक्षक को थप्पड़ मार दिया।
करीब तीन घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद स्कूल प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई। प्राचार्य विभा शर्मा ने लिखित आश्वासन दिया कि इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटा दिया गया है। वहीं शिक्षक रवि पंड्या के मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्कूल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और शिक्षा विभाग भी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।